खरगोन से अवैध हथियारों की तस्करी के साथ ही खरीद-फरोख्त अब भी जारी है। इस अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और कार्रवाई के बीच भी जिले में अवैध हथियार तस्करी और हथियार निर्माण के मामले थम नहीं रहे है। ऐसा ही एक मामला रविवार को भी सामने आया, जहां पंजाब से अवैध हथियार खरीदने आया एक तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। इस कार्रवाई में आरोपी से 11 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं, इनमें 7 देशी पिस्टल और 4 देशी कट्टे शामिल है। आरोपी से 2 लाख 35 हजार रुपए मूल्य के अवैध हथियारों के साथ ही एक कार भी जब्त की गई है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी के साथी के साथ ही हथियार बेचने वाला फरार है।


