सरगुजा में लग्जरी अर्टिगा कार से बकरा चुराकर भाग रहे युवकों को मोहनपुर में ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों को देखकर युवक कार एवं बकरा छोड़कर भाग निकले। लग्जरी कार से बकरा बरामद होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की और कार को आग के हवाले कर दिया। आगजनी में अर्टिगा कार पूरी तरह से जल गई है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र के करदना इलाके से मारुती अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 13 AL 3460 में सवार युवकों ने एक ग्रामीण के घर के सामने से बकरे को उठा लिया और कार में डालकर भागने लगे। उन्हें बकरी चोरी कर अंबिकापुर की ओर भागता हुआ देखकर करदना के ग्रामीणों ने मोहनपुर के परिचित ग्रामीणों को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर मोहनपुर के ग्रामीणों ने कार को रोकने के लिए घेराबंदी कर दी। भाग निकले कार सवार, ग्रामीणों ने लगाई आग
अर्टिगा कार सवार मोहनपुर पहुंचे तो उन्हें ग्रामीणों ने रोक लिया। स्वयं को डंडों से लैस ग्रामीणों से घिरा देख कार सवार युवक कार व बकरे को छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने अर्टिगा कार से बकरे को बरामद कर लिया। ग्रामीणों ने कार के शीशे फोड़ दिया और कार को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते अर्टिगा कार आग से घिर गई और पूरी तरह से जल गई। मामले की सूचना दरिमा थाने में नहीं दी गई है। बकरे को उसके मालिक के हवाले कर दिया गया है। बकरे की कीमत ग्रामीणों ने 15 हजार रुपए से अधिक बताई है। 9 लाख में खरीदी गई थी कार
अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 13 AL 3460 रायगढ़ पासिंग की गाड़ी है। उक्त गाड़ी को दो माह पूर्व सीतापुर थाना क्षेत्र के मंगारी निवासी राम सिंह पिता शिवनाथ के द्वारा 9 लाख रुपए में रायगढ़ से खरीदी गई थी। राम सिंह के परिजनों ने बताया कि उक्त कार को कुछ युवक किराए में लेकर गए थे। उनके पास ड्रायवर नहीं था तो किराए में लेने वाले युवकों ने कहा था कि वे कार चलाते हैं। युवकों ने मैनपाट जाने के नाम पर अर्टिगा वाहन लेकर गए थे। इसके बाद क्या हुआ, उन्हें नहीं मालूम है। अर्टिगा कार को खरीदने के लिए राम सिंह ने 2.50 लाख रुपये डाउन पेमेंट किया था और 6.50 लाख रुपये का लोन लिया था। कार जल जाने से राम सिंह का परिवार भी सकते में है।


