अटारी बॉर्डर के गांवों में लोग बोले-सेना के साथ खड़े:फसल की कटाई पूरी, कोई डर नहीं, गांव छोड़ने को नहीं कहा गया

पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की देर रात की कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। लेकिन, सीमा से सटे गांवों के लोग इस कार्रवाई से खुश नजर आ रहे हैं। पंजाब के अटारी बॉर्डर के पास स्थित महावा और काउंके गांव के लोगों का कहना है कि यहां माहौल ठीक है और अभी तक किसी ने गांव खाली करने की बात नहीं की है। महावा गांव के साहिब सिंह का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से फेंसिंग के पार खेतों की ओर जाने वाले दरवाजे नहीं खोले गए हैं। जिसके चलते कोई भी किसान फेंसिंग पार नहीं गया है। किसानों ने अपनी फसलों की कटाई भी पूरी कर ली है। गांव में डर का माहौल नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सेना के साथ कंधे से कंधा लगा कर खड़े सरहदी गांव काउंके निवासी भारतीय किसान यूनियन मातृ भूमि की प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमनदीप कौर ने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों की बहादुरी और साहस को सलाम है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे पर हमला किया है। गांव का हर नागरिक भारतीय सेना के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है।
सुबह उठकर हमले का पता चला गांव महावा के सरचांद सिंह ने कहा कि उन्हें किसी तरह का डर नहीं है। सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद जानकारी मिली कि स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। पाकिस्तान में आतंकी अड्डों पर भारत ने हमला किया है। लोगों ने स्पष्ट किया कि अब तक भारतीय सेना की तरफ से गांव खाली करने के कोई आदेश नहीं दिए गए हैं, और वे ना ही गांव छोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा सभी अपने गांव में सुरक्षित हैं और सेना पर पूरा भरोसा है। सरहद पर चौकसी बढ़ाई इस बीच सीमा पर चौकसी और बढ़ा दी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई ही पाकिस्तान को सख्त संदेश देने का एकमात्र तरीका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *