छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के अर्जुनी गांव में 19 वर्षीय योगेश सागर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। योगेश ने बुधवार को 75% अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा पास की थी। गुरुवार सुबह वह तालाब में नहाने गया। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। परिजन उसे तुरंत पलारी अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता सपूत लाल ने बताया कि योगेश को तालाब से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। पलारी अस्पताल के डॉ. पंकज वर्मा ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पलारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आगे की कार्रवाई के लिए डायरी कसडोल थाने को भेजी जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार योगेश पढ़ाई में होशियार था। उसकी अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर है। माता-पिता और रिश्तेदार इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।


