पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच लुधियाना जिले में लोग राशन खरीदने के लिए दुकानों पर उमड़ पड़े हैं। शुक्रवार सुबह से ही शहर की राशन की दुकानों और जनरल स्टोर पर लोगों की भीड़ देखी गई। लुधियाना के डीसी हिमांशु जैन ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। उन्होंने राशन की जमाखोरी और अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी है। डीसी ने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंपों पर भी इकट्ठा हुए वाहन पंजाब के कई जिलों में पाकिस्तान के ड्रोन हमलों के बाद लोग घबराए हुए हैं। कई लोग पेट्रोल पंपों पर भी अपने वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं। डीसी ने ब्लैकआउट के नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि रात में किसी भी समय ब्लैकआउट हो सकता है। इस दौरान पुलिस सड़कों पर गश्त करेगी। सभी दुकानें, फैक्ट्रियां, ढाबे और होटल बंद रहेंगे। सड़कों पर आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। निजी अस्पताल किए अलर्ट आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी लोगों को हर समय सेवाएं देने की बात कही है। डीसी बोले सोशल मीडिया पर ना फैलाएं अफवाहें डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि लोग सोशल मीडिया पर फेक न्यूज या फालतू मैसेज ना डालें और एक टीम लगातार सोशल मीडिया पर निगरानी रख रही है। डीसी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने फेक न्यूज किसी ग्रुप में डाली तो पोस्ट डालने वाले और संबंधित ग्रुप के एडमिन दोनों पर बनती कार्रवाई होगी। दुकानों पर रेड करने के लिए बनाई टीम वहीं डीसी ने एक टीम का गठन किया है, जोकि जिला की राशन की दुकानों पर रेड करेगी। दुकानदार लोगों से ओवर चार्ज वसूल कर रहे हैं या फिर राशन की जमाखोरी कर रहे हैं, उन पर टीम सख्त कार्रवाई करेगी और लाईसेंस भी रद्द कर दिया जाएगा। लुधियाना में हेल्प लाईन नंबर किया जारी डीसी लुधियाना हिमांशु जैन ने कहा कि लुधियाना के लोग किसी भी हेल्प लाईन के लिए जारी नंबर 0161-2403100 पर संपर्क कर सकते हैं और पुलिस से संबंधित हेल्प लाईन कंट्रोल रूम नंबर 112 पर काल कर सकते हैं।


