हिंदुस्तानी संगीत परंपरा का सबसे पुराना 149वें श्री बाबा हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन आज से शुरू हो रहा है। श्रीदेवी तालाब मंदिर में आयोजित यह सम्मेलन 29 दिसंबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत श्री बाबा हरिवल्लभ संगीत प्रतियोगिता से होगी जो 26 दिसंबर तक होंगी। इसके बाद 27 से 29 दिसंबर तक देश-दुनिया के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। सोमवार सुबह 10:00 बजे श्री काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्री बाबा हरिवल्लभ जी की समाधि पर हवन से कार्यक्रम शुरू होगा। पहले दिन शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता, 24 को नॉन परकशन और 25 व 26 को परकशन प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें दो वर्गों (10-16 और 17-25 आयुवर्ग) में प्रतिभागी भाग लेंगे।
जूनियर वर्ग में कलाकार शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में खयाल और ध्रुपद, नॉन परकशन प्रतियोगिता में स्वर वाद्य और परकशन प्रतियोगिता में तबला और पखावज पर अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं सीनियर वर्ग में कलाकार शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में खयाल, ध्रुपद, ठुमरी, दादरा और टप्पा, नॉन परकशन प्रतियोगिता में स्वर वाद्य और परकशन प्रतियोगिता में तबला और पखावज पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इन प्रतियोगिताओं के प्रभारी पं. संगत राम ने बताया के अब तक 152 युवाओं ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करवाया है। इनमें जूनियर वर्ग में 45 और सीनियर वर्ग में 107 कलाकार शामिल हैं। प्रबंधको ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को अगले साल होने वाले संगीत सम्मेलन की मुख्य स्टेज पर अपनी संगीत प्रतिभा को प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाता है।


