लातेहार में एनएच-39 पर कुड़ु से उदयपुरा तक फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को एक बड़ी घटना सामने आई। शाम लगभग पांच बजे पीआरए इंडिया कंपनी की साइट पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने हमला कर दिया। बोरसीदाग के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने कर्मियों को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली कर्मी रहमान के सिर के पास से गुजर गई। सौभाग्य से सभी कर्मी कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हमलावर बाइक से चंदवा की तरफ फरार हो गए फायरिंग के बाद दोनों हमलावर बाइक से चंदवा की तरफ फरार हो गए। कर्मियों ने तत्काल चंदवा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया। थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने गोलीबारी की पुष्टि की है। वे हमलावरों की पहचान और उनकी संलिप्तता की जांच कर रहे हैं। घटनास्थल पर किसी उग्रवादी संगठन या गिरोह की ओर से कोई पर्चा नहीं मिला है। साइड से दो खोखा भी बरामद किया गया है। इस घटना के बाद से साइट पर काम कर रहे कर्मियों में दहशत का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 जनवरी 2025 को भी फोरलेन निर्माण के लकड़ी डिपो में गोलीबारी की घटना हुई थी।


