नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का भव्य समापन, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

भास्कर न्यूज । ओरमांझी ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू गांव में नवनिर्मित जगदम्बा शिव संकट मोचन मंदिर में श्री श्री 1008 शिव शक्ति हनुमत प्राण-प्रतिष्ठा सह श्रीराम कथा का समापन शुक्रवार को विधिवत मंत्रोच्चार, महायज्ञ, कन्या पूजन, श्रीराम कथा और भव्य महाभंडारे के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस नौ दिवसीय अनुष्ठान में हर दिन विशेष पूजा-अर्चना, हवन और श्रीराम कथा का आयोजन किया गया। प्राण-प्रतिष्ठा की विधि आचार्य रामदेव पाण्डेय, सुनील शास्त्री, ब्रह्मदेव पाण्डेय, बजरंगी शास्त्री सहित कई विद्वान पंडितों के द्वारा संपन्न कराई गई। मुख्य यजमान के रूप में राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, ललीता देवी, रंधीर चौधरी सहित सैकड़ों श्रद्धालु और उनके परिवारजनों ने भाग लिया और देश, राज्य तथा समाज की सुख-शांति हेतु यज्ञ देवता से प्रार्थना की। अंतिम दिन की रामकथा में कथा वाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने भावविभोर कर देने वाली कथा शैली में रामचरित मानस के प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने कहा, कि दूसरे की संपत्ति चाहे कितनी भी मूल्यवान हो, उस पर हमारा कोई अधिकार नहीं है। साथ ही यह भी कहा कि रामायण हमें सेवा, त्याग, बलिदान और धर्म के मार्ग पर चलने की शिक्षा देती है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, समीर निर्मल महतो, उरांव आशा लकड़ा, वीरेंद्र ओहदार, कमिश्नर मुण्डा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस धार्मिक आयोजन की सफलता में समिति अध्यक्ष रामटहल चौधरी, सांसद आदित्य प्रसाद साहू, अरविंद प्रसाद, नागेन्द्र साहू, प्रेम कुमार सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *