भास्कर न्यूज | लुधियाना न्यू कुंदन नगर स्थित श्री कृष्ण ज्ञान मंदिर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित संतोष मुनि ने की। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर वर्णन किया गया और महाभारत युद्ध से पूर्व अर्जुन को दिए गए भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों पर प्रवचन दिया गया। वार्षिकोत्सव में भक्तों को भक्ति और सत्मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। इस दौरान गायन बाबा, गिरिधरमुनि, कृष्णराज सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। पंडित संतोष मुनि ने भगवान श्रीकृष्ण के ज्ञान को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी और भक्तों को धार्मिकता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन की सफलता में मंदिर कमेटी के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।