छत्तीसगढ़ में भारत-पाक तनाव के बीच हाई अलर्ट जारी किया गया है। फोर्स सोशल मीडिया से लेकर संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए है, ताकि किसी तरह विवाद की स्थिति न बने। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और देश विरोधी पोस्ट पर भी नजर रखी जा रही है। व्हाट्सअप, टेलीग्राम समेत कई मैसेंजर एप को भी सर्विलांस पर रखा गया है। क्योंकि कई जगहों पर सेना की कार्रवाई और केंद्र सरकार के निर्णय को लेकर सवाल उठा रहे है। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। इधर, डीजीपी अरुण देख गौतम ने पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अति आवश्यक होने पर ही छुट्टी दी जाएगी। उन्होंने शुक्रवार को सभी डीजी, एडीजी, आईजी और एसपी को इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है। निगरानी का निर्देश पुलिस अफसरों ने बताया कि हर एसपी को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने जिले के संवेदनशील इलाकों पर नजर रखें। जहां पहले विवाद हुए हैं या तनाव वाला इलाका है, वहां धरना-प्रदर्शन पर नजर रखें कि वहां कोई देश विरोधी गतिविधियां, भाषण या नारेबाजी न करे। जुलूस व रैली में पुलिस बल तैनात किया जाए। बाहर से आने-जाने वालों पर नजर रखी जाए। फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस से लेकर इमरजेंसी में सेवा देने वाले हर विभाग और टीम को अलर्ट किया गया है।


