कोरबा | गर्मी के सीजन में शाम होते ही लोग परिवार समेत घर से निकलकर शहर में घूमने-फिरने के लिए पहुंच रहे हैं। इस कारण शाम से लेकर रात तक शहर की सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। गार्डन व व्यवसायिक कॉम्पलेक्स में भी लोगों की भीड़ बढ़ी है। इस दौरान लोगों के सड़क किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में वाहनों को खड़े करने के कारण जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इसके मद्देनजर यातायात पुलिस की टीमें प्रतिदिन शाम के बाद शहर के अलग-अलग जोन में पेट्रोलिंग करते हुए ऐसे वाहनों पर लॉक की कार्रवाई कर रही है। वहीं दो पहिया वाहनों को क्रेन से उठाकर जब्त कर लिया जा रहा है। नो पार्किंग जोन या बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ी करने पर चालान की वाहन मालिकों पर चालान की कार्रवाई की जा रही है।


