रामगढ़ पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। एसपी अजय कुमार ने यह जानकारी दी। गैंग ने पतरातू रेलवे साइडिंग में रंगदारी के लिए गोलीबारी की थी। इसके अलावा सिरका परियोजना के सीएचपी कोयला स्टॉक कांटा घर के पास खड़े हाइवा को आग लगाकर दहशत फैलाई थी। एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार ने एएसपी गौरव गौस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गैंग का एक सदस्य सनी सिंह उर्फ सौरभ कुमार सिंह नईसराय रोड स्थित साधु कुटिया जंगल में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। पुलिस ने छापेमारी कर सनी सिंह को गिरफ्तार किया। वह हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र के रेलीगढ़ा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह राहुल दुबे गैंग के लिए काम करता है। सनी सिंह की निशानदेही पर घटना में शामिल अनुज कुमार, सनोज कुमार, और मिशन कुमार उर्फ सूरज को पकड़ा गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


