भास्कर न्यूज | लुधियाना जालंधर बायपास स्थित सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था की बदहाली को देखते हुए मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने शुक्रवार रात अचानक निरीक्षण किया। दुकानदारों और पब्लिक की शिकायतें थीं कि मंडी में कूड़े के ढेर लगे हैं, कंडे बंद पड़े हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मौके पर पहुंचकर चेयरमैन ने पाया कि सफाई के नाम पर ठेकेदार ने लापरवाही की हदें पार कर दी हैं। जगह-जगह गंदगी फैली हुई थी और कई कंडे बंद पड़े थे, जिससे व्यापारी और ग्राहक परेशान थे। चेयरमैन ने इस अव्यवस्था पर कड़ा संज्ञान लेते हुए ठेकेदार इंदर कंपनी को तुरंत नोटिस जारी कर दिया। गुरजीत सिंह गिल ने बताया कि नोटिस के बावजूद ठेकेदार ने सफाई में कोई सुधार नहीं किया है, ऐसे में अब उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ठेकेदार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अगर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, पिछले सफाई ठेकेदार की सिक्योरिटी राशि भी जुर्माने के तौर पर काटी जाएगी। चेयरमैन ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर वह किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतेंगे। इसके साथ ही, गुरजीत सिंह गिल ने मछली मंडी में भी सफाई की स्थिति का जल्द निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर वहां भी गंदगी पाई गई, तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। चेयरमैन ने यह भी कहा कि मार्किट कमेटी की प्राथमिकता है कि मंडी में आने वाले सभी व्यापारियों और ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण मिले।


