हिमाचल के शिमला जिले के ज्यादातर भागों में आज अच्छी बारिश हुई। शिलारू में सबसे ज्यादा 43.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जुब्बड़हट्टी में 34.5 मिलीमीटर, कटोला में 28.3, राजगढ़ में 27, जतोन बैराज में 22 और शिमला में 12.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं हमीरपुर और मंडी जिले के कई क्षेत्रों में भी सुबह के वक्त हल्की बूंदाबांदी हुई है। इससे पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। कल यानी 11 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन चंबा और कांगड़ा के कुछ क्षेत्रों में कल भी बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। 12 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा एक्टिव होगा और प्रदेश के ज्यादातर भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में आंधी तूफान भी चल सकता है। 13 मई से प्रदेशभर में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में उछाल आना शुरू होगा। चंबा का तापमान नॉर्मल से 11.9 डिग्री नीचे गिरा प्रदेश के ज्यादातर भागों में हो रही बारिश से अभी तापमान नॉर्मल से नीचे चल रहा है। चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। यहां का मैक्सिमम टैम्परेचर नॉर्मल से 11.9 डिग्री की गिरावट के बाद 24.7 डिग्री रह गया है। अन्य शहरों का तापमान भी सामान्य से नीचे चल रहा है। मनाली का तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री कम के साथ 22.0 डिग्री है। मई में सामान्य से 25 प्रतिशत ज्यादा बारिश प्रदेश में बीते 9 दिन से निरंतर बारिश हो रही है। यही वजह है कि इस बार एक से नौ मई के बीच सामान्य से 25 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। अस अवधि में 19.7 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश होती है, लेकिन इस बार 24.5 मिलीमीटर बादल बरस गए है। हमीरपुर में सामान्य से 340 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। बिलासपुर में 372 प्रतिशत, सोलन 298 प्रतिशत और सिरमौर में 316 प्रतिशत सामान्य से ज्यादा बादल बरसे है।


