बगोदर प्रखंड के बीडीओ व सीओ के आवास निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

भास्कर न्यूज | बगोदर बगोदर प्रखंड अंचल परिसर में करीब 6 करोड़ की लागत से बीडीओ और सीओ आवास िनर्माण कार्य पेटी ठेकेदार की देखरेख में संचालित है। यह ठेका बरकट्ठा के ठेकेदार अजीत कुमार यादव के नाम पर है। फरवरी 2024 में विधायक विनोद सिंह ने निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी। कार्य शुरू होने के बाद घटिया ईंट और खराब क्वालिटी के बालू के इस्तेमाल का आरोप लगाकर प्रखंड प्रमुख आशा राज ने इसका विरोध किया था। इसके बाद ठेकेदार और प्रमुख के बीच विवाद बढ़ा। दोनों पक्षों ने बगोदर थाने में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी की शिकायत की थी। हालांकि मामला दर्ज नहीं हुआ। बाद में समझौता हो गया। महीने भर काम रुका रहा। विभागीय अधिकारियों ने जांच की। इसके बाद ईंट और बालू बदले गए। फिर काम शुरू हुआ। अब फिर निर्माण कार्य में जंग लगे छड़ और चोरी के बालू के इस्तेमाल की बात सामने आई है। साइट पर रखे छड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये करीब आठ महीने पहले खरीदे गए थे। अब इनका इस्तेमाल हो रहा है। जंग लगने से छड़ कमजोर हो चुके हैं, फिर भी इनका उपयोग किया जा रहा है। प्रमुख प्रतिनिधि रंजीत कुमार यादव ने बताया कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर छह महीने पहले प्रमुख स्तर से काम रुकवाया गया था। मामला थाने तक पहुंचा था। विभागीय जांच के बाद ही काम दोबारा शुरू हुआ। वहीं ठेकेदार अजीत कुमार यादव कहा कि वे अभी व्यस्त हैं। काम को देखकर ही कुछ कहेंगे। पेटी ठेकेदार नंदलाल साहू कहा कि आवास का पेटी ठेका लिया था, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने के कारण काम छोड़ दिया। अब किसी तीसरे पेटी ठेकेदार ने काम संभाल लिया है। प्रमुख प्रतिनिधि रंजीत कुमार यादव ने माना है कि ठेका कार्य में पेटी ठेकेदारों की संख्या बढ़ने पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता कमजोर हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *