भास्कर न्यूज | गिरिडीह बेंगबाद प्रखंड के चकरदहा गांव में चल रहे सप्तदिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ सह एकादशी उद्यापन महोत्सव का समापन शनिवार को हुआ। यज्ञाचार्य डॉ. विनोद कुमार उपाध्याय ने कथा के अंतिम दिन भगवान कृष्ण के चरित्र पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने श्रीमद् भागवत पुराण के माध्यम से भगवान कृष्ण की मातृ-पितृ भक्ति, माता-पिता को कारागार से मुक्त कराने, उनकी सभी कामनाओं की पूर्ति, बाल-लीला और रास-लीला का ऐसा वर्णन किया कि श्रोता भाव- विभोर हो उठे। कथा के दौरान उन्होंने गर्ग संहिता, भागवत, रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण के श्लोकों से कृष्ण चरित्र का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन कुंदन उपाध्याय ने किया। संयोजन आनंद उपाध्याय ने संभाला। राजेश कुमार उपाध्याय ने कृष्ण-सुदामा चरित्र का अद्भुत प्रस्तुतिकरण किया। इस अवसर पर यज्ञ आयोजन समिति के सभी सदस्य, वशिष्ठ सिंह के सभी भाई और पूरा परिवार मौजूद रहा। मौके पर दीपक पाठक, धनेश्वर त्रिवेदी, कन्हैया तिवारी सहित सैकड़ों गणमान्य श्रोता उपस्थित थे। अयोध्याधाम से आए जयप्रकाश, राजेश व्यास और शिवकुमार ने संगीतमय प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।


