मोगा पुलिस ने गीता भवन के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक 32 बोर इटली में पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना सिटी साउथ में मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह और दिलदारप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों मोगा के रहने वाले हैं। अमनदीप सिंह पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं। दिलदारप्रीत सिंह पर दो मामले दर्ज हैं। तीसरा आरोपी सुखप्रीत सिंह जीरा का रहने वाला है, वह फरार है और उस पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना सिटी साउथ के इंचार्ज वरुण कुमार ने बताया कि समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था। गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


