रांची पुरुलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर में रविवार को नए पोप के चयन पर धन्यवादी मिस्सा का आयोजन किया गया। मिस्सा अनुष्ठान का नेतृत्व पल्ली पुरोहित आनंद डेविड खलखो ने किया। उन्होंने नए पोप के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से उनके नेतृत्व में चर्च और मानवता के उज्जवल भविष्य की कामना की। मिस्सा के दौरान बाइबल से पाठ पढ़े गए। विश्व शांति, न्याय और करुणा के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। फादर आनंद ने कहा कि यह सिर्फ रोम या चर्च के लिए नहीं, बल्कि पूरे ईसाई समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। नए पोप से हमें नई दिशा, नई ऊर्जा और समावेशिता की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर कई पुरोहित, सिस्टर और विश्वासी मौजूद थे। इसके पूर्व फादर आनंद ने चर्च परिसर में संत पापा का झंडा फहराया। पोप लियो चौदहवें ने रविवार को रेजिना चैली प्रार्थना के उपरांत दुनिया के नेताओं से युद्ध समाप्त करने की भावुक अपील की। भारत-पाक सीमा पर हाल की झड़पों को देखते हुए उन्होंने स्थायी समझौते की उम्मीद जताई। उन्होंने विशेषकर यूक्रेन के लिए न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की मांग की, जहां निर्दोष लोग, विशेष रूप से बच्चे, युद्ध की भेंट चढ़ रहे हैं। दुनिया में अनेक स्थानों पर संघर्ष जारी है और इन सभी के लिए उन्होंने शांति की प्रार्थना की। अंत में उन्होंने मदर्स डे पर सभी माताओं को शुभकामनाएं दी। पोप ने अपने पूरे संदेश में शांति, करुणा और मानवता की बात कही।


