हरियाणा के नेशनल कबड्डी प्लेयर की हादसे में मौत:धर्मशाला में टूर्नामेंट खेलने गए थे, 2 ट्रकों के बीच फंसी कार, इकलौते बेटे थे

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के नेशनल कबड्डी प्लेयर रितिक की हिमाचल प्रदेश में एक्सीडेंट में मौत हो गई। इस एक्सीडेंट में पानीपत और करनाल के रहने वाले 5 साथी खिलाड़ी भी घायल हुए हैं। ये सभी हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में कबड्डी टूर्नामेंट खेलने जा रहे थे। तभी नंगल डैम के पास उनकी कार दो ट्रकों के बीच में फंस गई। हिमाचल पुलिस ने किसी तरह उन्हें कार से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने रितिक को मृत घोषित कर दिया। रितिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनकी जुड़वां बहन हैं। रितिक के पिता कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। मूल रूप से उनका परिवार पानीपत के अहर गांव का रहने वाला है। धर्मशाला में टूर्नामेंट खेलने जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक रितिक (23) दीदारनगर का रहने वाले थे और नेशनल स्टाइल कबड्डी के प्लेयर थे। रितिक ने अंबाला के SA जैन अंबाला कॉलेज से बीए किया था। 10 मई को रितिक अपने दोस्त लक्ष्य, दीपक, यश, अजय और मोहित के साथ हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में कबड्डी टूर्नामेंट खेलने गए थे। नंगल डैम के पास ट्रकों के बीच में फंसी कार
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। कर्ण कॉलोनी के अंकुश कौशिक के मुताबिक, नंगल डैम के पास उनकी कार दो ट्रकों के बीच में फंस गई। पुलिस ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर उनको कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां रितिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसमें यश की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हाल ही में किया था कोच के लिए रजिस्ट्रेशन
अंकुश ने बताया कि रितिक उसके साथ प्रैक्टिस करते थे। करीब 8 साल से रितिक कबड्डी खेल रहे थे। अभी रितिक ओपन टूर्नामेंट खेलते थे। रितिक लेफ्ट रेडर थे। हाल में उन्होंने कोच के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। इसके अलावा वह 3 बार कबड्डी की जोनल प्रतियोगिता, चार बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता, पांच लीग खेलों में व दो बार सीएम कप प्रतियोगिता में भाग लिया। इसके अलावा तीन बार रग्बी और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में भी भाग लिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में, अंतिम संस्कार किया
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने रितिक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को कुरुक्षेत्र लाकर रितिक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार सदमे में है। रितिक की उपलब्धियों पर परिवार को नाज है, मगर मौत ने परिवार को झकझोर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *