जामताड़ा जिले में एक चलती वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। चंद्रदीपा पंचायत के निलदहा गांव निवासी जॉन हेमरम अपनी पत्नी को डॉक्टर से दिखाने पश्चिम बंगाल के डाबर मोड़ जा रहे थे। गांव से कुछ दूर जाने पर कार से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में कार में आग लग गई। दंपती ने तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया चंद्रदीपा पंचायत के मुखिया देवीसन हांसदा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। ग्रामीण भी आग बुझाने में जुटे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में वाहन अधिक गर्म हो जाते हैं। इंजन की नियमित जांच और रखरखाव न करने से ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। माना जा रहा है कि धूप की तपिश और तकनीकी खराबी के कारण इंजन में आग लगी।


