नवा रायपुर में रफ्तार का कहर…:आधी रात खंभे से टकराकर उछली कार; एक मौत, 2 गंभीर

नवा रायपुर के सेक्टर-17 में शनिवार-रविवार दरमियानी रात 2 बजे एक कार बिजली खंभे से टकराकर हवा में उछल गई और बीच सड़क पर गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी आग के शोलों में घिर गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला कांच टूट गया और ड्राइवर सहित तीन युवक दूर जाकर गिरे। कार चला रहे युवकी की स्पॉट पर ही मौत हो गई। पीछे सीट पर बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहां से गुजर रहे लोग कार में आग देखकर रूक गए। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस का दावा है कि कार हाई स्पीड में थी। कार की रफ्तार का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि उससे टकराने के बाद बिजली खंभा भी उखड़कर फेंका गया है। बोरियाकला निवासी गौतम सतवानी(21)की माना कैंप में किराना दुकान हैं। गौतम अपने बड़े भाई की कार लेकर रात में नवा रायपुर घूमने निकला था। उसके साथ गुढियारी का प्रियांशु सचदेवा और आरंग का अविराज सिंह थे। प्रियांशु और अविराज दोनों पढ़ाई करते हैं। तीनों दोस्त हैं। तीनों मैगी खाने एयरपोर्ट रोड स्थित एक रेस्टोरेंट जा रहे थे। कार गौतम चला रहा था। सेक्टर-17 के पास उनकी कार डिवाइड पर चढ़ी और बिजली खंभे से टकराई। इस हादसे में गौतम की मौत हो गई। प्रियांशु और अविराज घायल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *