छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कटंगजोर की है। पुलिस के अनुसार 10 मई को पटेल नाग (55) शराब पीकर रात को घर आया। उसने पत्नी प्यारी बाई (50) से खाना मांगा। पत्नी ने बताया कि खाना पहले से परोसा है और वह सोने चली गई। आरोपी ने खाना खाया। इसके बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से सो रही पत्नी के चेहरे और आंख के पास वार कर दिया। गंभीर हालत में प्यारी बाई को पहले पत्थलगांव अस्पताल और फिर अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद मर्ग डायरी पत्थलगांव थाने को भेजी गई। हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी बरामद एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि जांच में पाया गया कि महिला की मौत कुल्हाड़ी से किए गए वार के कारण हुई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


