भास्कर न्यूज| अमृतसर निगम कमिश्नर के निर्देश पर एमटीपी विभाग ने वेस्ट हलका अधीन आते छेहर्टा-ब्यूटी एवेन्यू में बनाई जा रही अवैध कॉलोनियों को जेसीबी से तोड़ दिया। 15 दिन पहले एमटीपी विभाग को शिकायत मिली थी कि छेहर्टा व रामतीर्थ रोड स्थित ब्यूटी एवेन्यू में अवैध कॉलोनी बनाई जा रही है। जिसके बाद कॉलोनी बनवाने वाले को नोटिस जारी किया गया। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उल्टे धड़ल्ले से कॉलोनी बनाने का काम चलता रहा। जिसके बाद एमटीपी विभाग की टीमें सोमवार को सायं करीब पौने पांच बजे मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। एक घंटे में डवलप की जा रही कॉलोनी को तोड़कर टीमें वार्निंग देकर वापस आ गईं। बता दें यहां सीवरेज डालने के लिए होदिया बनाकर ईंटों से जोड़ दिया गया था। इसके अलावा बाउंड्री भी बना ली गई थी। कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर उच्च अफसरों को भेजा जाएगा। इस मौके पर एमटीपी नरिंदर शर्मा, एटीपी अंगद सिंह, बिल्डिंग इंस्पेक्टर सुखविंदर शर्मा व डिमॉलिशन स्टाफ मौजूद रहा।


