लुधियाना। गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के 10 पीएचडी और 2 एमवीएससी शोधकर्ताओं को बेस्ट थीसिस अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड इंडियन वेटरनरी एसोसिएशन की वीमेन वेट विंग ने बिहार एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी पटना के साथ मिलकर आयोजित समारोह में दिया। यह कार्यक्रम पटना के बिहार एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट एंड एक्सटेंशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में हुआ। यह देश का पहला ऐसा राष्ट्रीय मंच बना, जहां वेटरनरी और एनिमल साइंसेज की सभी 18 शाखाओं में उत्कृष्ट शोध कार्य को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभर से बड़ी भागीदारी रही। कुल 347 थीसिस जमा हुईं, जिनमें 224 एमवीएससी और 123 पीएचडी थीसिस शामिल थीं। 40 विशेषज्ञों की टीम ने पारदर्शी प्रक्रिया से जांच की। 2019 से 2024 तक की 67 पीएचडी और 78 एमवीएससी थीसिस को बेस्ट थीसिस अवॉर्ड के लिए चुना गया। समारोह में देश के हर राज्य से महिला वेटरनरी डॉक्टर शामिल हुईं। यूनिवर्सिटी की डॉ. गुरजोत कौर मावी, डॉ. मोनिका ठाकुर, डॉ. रश्मि ठाकुर, डॉ. श्रीकला एस. मोहनदास, डॉ. निमबालकर विद्या गजानन, डॉ. समीक्षा सारंगी, डॉ. सुंदुस गजल, डॉ. अक्षिता चड्ढा, डॉ. शिखा चौधरी और डॉ. तुलुमोनी सील को बेस्ट पीएचडी थीसिस अवॉर्ड मिला। एमवीएससी कैटेगरी में डॉ. हब्बू ऐश्वर्या सुंदर और एनामिका रानी को सम्मानित किया गया।


