भास्कर न्यूज |लुधियाना राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के साथ सोमवार को मिड्डा चौक के पास 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले मोहल्ला क्लीनिक का शिलान्यास किया। इस दौरान भगत कबीर और भगवान वाल्मीकि को समर्पित दो गेटों का भी शिलान्यास किया। सांसद अरोड़ा ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि एक महीने के भीतर क्लीनिक चालू हो जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, खासकर इसलिए क्योंकि स्थानीय आबादी का एक बड़ा हिस्सा मजदूर वर्ग से आता है। अरोड़ा ने बताया कि हाल ही में निवासियों ने निजी क्लीनिकों और अस्पतालों में महंगे उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थता का हवाला देते हुए उनसे संपर्क किया था। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की और स्थानीय समुदाय के व्यापक लाभ के लिए मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने निवासियों से आग्रह किया कि वे क्लीनिक के चालू होने के बाद इसकी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए लुधियाना (पश्चिम) से आप उम्मीदवार अरोड़ा ने अपने तीन साल के प्रदर्शन की रिपोर्ट पेश की और मतदाताओं से समर्थन की अपील की।इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर भी मौजूद थीं। कार्यक्रम में पार्षद कपिल कुमार सोनू, अजय डांग और रितेश अरोड़ा भी मौजूद थे। वहीं, अरोड़ा ने पंजाब के मंत्री मोहिंदर भगत के साथ सोमवार को जवाहर नगर कैंप में भगत कबीर और भगवान वाल्मीकि को समर्पित दो गेटों की आधारशिला रखी। इस दौरान पार्षद कपिल कुमार सोनू, कीमती भगत, राज कुमार खैहरा, शाम लाल भगत, राज कुमार, अशोक कुमार, तिलक राज और रवि भगत मौजूद थे।


