भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम जोन-सी के अधीन आते इलाकों में नए होने वाले और चल रहे विकास के कामों का विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने रिव्यू किया। निगम अधिकारियों के साथ मीटिंग में खुलासा हुआ कि करीब 3 करोड़ रुपए का टैक्स वसूला नहीं गया है। मौके पर अधिकारियों से जवाब भी तलब किया गया है। एक बार नोटिस देने के बाद टैक्स ब्रांच के अधिकारियों ने दोबारा नोटिस पर कार्रवाई ही नहीं की। सहायक कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। विधायक ने मौके पर ही एक बड़ी प्रापर्टी का खुलासा किया, उसका रिकार्ड भी चेक करवाया तो सामने आया कि उस बड़ी प्रॉपर्टी के मालिक से अभी तक टैक्स ही नहीं वसूला गया है, जबकि वहां पर वेहड़े, प्राइवेट पार्किंग और कमर्शियल गतिविधियां तक चल रही हैं। मीटिंग में अवैध कब्जों को लेकर भी मुद्दा उठा। विधायक ने शराब के ठेकों के बाहर लगने वाली अवैध रेहड़ी-फड़ी और अवैध कब्जों को तुरंत हटाने के आदेश जारी किए।विधायक ने कहा कि छुट्टी वाले दिन अधिकारी फोन उठाते नहीं, जबकि लोगों के फोन उन्हें आते हैं। मौके पर ही एक ओएंडएम अधिकारी की बात रखी गई, जो फोन नहीं उठाते थे। सहायक कमिश्नर की तरफ से उस अधिकारी को सख्त आदेश जारी किए गए हैं और विधायक ने उसके वार्डों की संख्या भी कम करने की सिफारिश की है। ब्लॉक नंबर 21 को लेकर भी मुद्दा उठा। विधायक ने कहा कि ये ब्लॉक उनके हलके में आता है, जबकि अधिकारियों को इस बारे में पता न होने की सूरत में सभी को आदेश जारी किए गए हैं कि हल्का वाइज ब्लॉक की सही से पहचान की जाए ताकि आगे कोई समस्या न आ सके। बीएंडआर ब्रांच के अधिकारियों से एंटी स्मोक गन को सड़कों पर उतारने के बारे में कहा गया, लेकिन अधिकारियों ने ये कह दिया कि ये मशीन खराब हो चुकी है। इस बात पर विधायक ने कहा कि एक मशीनें एक बार भी सड़क पर नहीं उतरी हैं, तो कैसे खराब हो गई है। इस पर अधिकारी कोई जवाब नहीं दे सके। वहीं, हल्के के 18 पार्कों में लाइटें खराब होने की बात सामने आई हैं, जिसे तुरंत ठीक करने को कहा गया है। वहीं, सड़कों को लेकर भी पूरी सूची तलब की गई है कि कितनी सड़कें नई बन चुकी हैं और कितनी बननी बाकी हैं। ओएंडएम ब्रांच को बरसाती सीजन से पहले सभी रोड गलियां और सीवरेज की सफाई को कहा गया है।


