मंडी में सफाई को लेकर ठेकेदार को नोटिस, चेयरमैन बोले- जवाब न दिया तो कार्रवाई होगी

भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर की प्रमुख सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था की अनदेखी को लेकर मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने कड़ा रुख अपनाया है। गिल ने बताया कि सफाई ठेकेदार को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन न तो सफाई व्यवस्था में कोई सुधार हुआ और न ही ठेकेदार ने नोटिस का जवाब दिया। अब डीएनआईटी की शर्तों के अनुसार, ठेकेदार पर जुर्माना तय कर दिया गया है। गुरजीत सिंह गिल ने बताया कि मंडी में कूड़े के ढेर की वजह से दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदारों ने शिकायत की है कि कचरे की वजह से ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पाते। मंडी में गंदगी के चलते व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए गिल ने स्वयं मंडी का दौरा किया और गंदगी वाले स्थानों पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेयरमैन ने स्पष्ट कहा कि मैं पब्लिक की सेवा के लिए सरकार द्वारा नियुक्त किया गया हूं और लोगों की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। सफाई को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ठेकेदार ने जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं किया तो उसका ठेका रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। यह पहली बार नहीं है जब सफाई व्यवस्था को लेकर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है। कुछ महीनों पहले भी सफाई की अनदेखी के कारण ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया था और उसकी सिक्योरिटी राशि भी जब्त कर ली गई थी। बावजूद इसके, मंडी की स्थिति जस की तस बनी रही। गिल ने बताया कि नए ठेकेदार का भी रवैया पुराना ही बना हुआ है, जिससे स्पष्ट है कि जुर्माना लगने के बावजूद कोई असर नहीं हुआ। अब मार्केट कमेटी ने साफ कर दिया है कि इस बार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिल ने कहा कि वह रोजाना मंडी का निरीक्षण करेंगे और जहां-जहां गंदगी मिलेगी, वहां तत्काल सफाई करवाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ठेकेदार ने अब भी लापरवाही बरती तो उसका ठेका रद्द करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। गिल का यह सख्त रुख साफ संकेत दे रहा है कि भविष्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे न सिर्फ मंडी का माहौल सुधरेगा, बल्कि व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *