महासमुंद| बुद्ध पूर्णिमा पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गृहे-गृहे यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महाअभियान के अंतर्गत महासमुंद नगर में 201 घरों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 551 घरों में विधिवत यज्ञ का आयोजन कराया गया। इस पावन आयोजन का उद्देश्य जनमानस में आध्यात्मिक चेतना जाग्रत करना व परिवारों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था। कार्यक्रम के तहत गायत्री परिवार के परिजनों ने एक दिन पूर्व घर-घर संपर्क कर यज्ञ आयोजन की जानकारी दी। हवन सामग्री, देव स्थापना चित्र व साहित्य का निशुल्क वितरण किया। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिजनों ने सहभागिता निभाई। महिला मंडल की सदस्यों ने भी विभिन्न घरों में यज्ञ पूरी कराए। साथ ही सरेकेल झलप, अछोला इकाई, तुमगांव इकाई, खमरिया इकाई, पचेड़ा, मचेवा, पाली और बेमचा इकाइयों में भी बड़ी संख्या में यज्ञ का आयोजन किया गया। इस आयोजन से सम्पूर्ण क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा व आध्यात्मिक उन्नयन का वातावरण निर्मित हुआ।


