आरोप : आंत में जमा था सूखा मल, डॉक्टर ने निकाल दिया गॉल ब्लैडर

रांची | राजधानी के एक निजी अस्पताल द्वारा 14 साल की बच्ची का गलत इलाज और डॉक्टरों की लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची के पिता अविनाश कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है। दरअसल, अविनाश कुमार की 14 वर्षीय बेटी साक्षी को पेट दर्द की शिकायत थी। 14 अक्टूबर 2024 को निजी अस्पताल में डॉ. नवीन कुमार ने बच्ची को देखने के बाद भर्ती करने की सलाह दी। उन्होंने जांच कर बताया कि गॉल ब्लैडर में स्टोन है और सर्जरी कर निकालना होगा। 15 अक्टूबर को ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद भी बच्ची की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और दर्द बना रहा। एक बार फिर जांच कराने पर डॉक्टर ने बताया कि गॉल ब्लैडर से स्टोन निकाला गया है। इस दौरान बच्ची को कई बार हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। बीते 28 अप्रैल को पुन: उसी निजी अस्पताल लेकर जाने पर दोबारा सभी तरह की जांच की गई। सिटी स्कैन में पता चला कि स्टोन था ही नहीं, बल्कि आंत के पास मल जमा होकर सूख गया था। दोबारा जांच करने वाले डॉक्टर ने कहा कि पूर्व में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर ने गलत ऑपरेशन कर बेवजह गॉल ब्लैडर निकाल दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों ने सही तरीके से इलाज नहीं किया, जिससे बच्ची को मानसिक और शारीरिक रूप से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *