पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 122वीं जयंती पर झुंझुनूं में प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें किसान, स्टूडेंट सहित अन्य लोग शामिल हुए। फेरी शहीद करणीराम रामदेव पार्क से शुरू होकर, मंडावा होते हुए महर्षि दयानंद बालिका विज्ञान कॉलेज पहुंची। फेरी के दौरान चौधरी चरण सिंह जिंदाबाद, किसान नेता जिंदाबाद के नारे लगे। इसके बाद बसंत विहार स्थित चौधरी चरण सिंह स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। चौधरी चरण विचार मंच के संयोजक विजय गोपाल मोटसरा ने कहा- चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों और गांवों के उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए किसानों के हितों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए। हम सभी को चौधरी चरण सिंह के नक्शेकदम पर चलने की आवश्यकता है। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। महर्षि दयानंद बालिका विज्ञान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामस्वरूप जाखड़, रामस्वरूप गजराज, सुमेर झाझड़िया, नरेन्द्र आबूसरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


