बैकुंठपुर | कोरिया जिला मुख्यालय के रामपुर स्थित परिवहन कार्यालय में तीन दिवसीय शिविर लगाया गया। इसका उद्देश्य वाहनों की सुरक्षा और पहचान तय करना था। शिविर में कुल 154 वाहन मालिकों ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के लिए आवेदन किया। पहले दिन 19, दूसरे दिन 31 और अंतिम दिन 104 वाहन मालिक पहुंचे। अप्रैल 2019 से पहले जिले में करीब 80 हजार वाहन रजिस्टर्ड हैं। इनमें से अब तक केवल 154 वाहन मालिकों ने ही एचएसआरपी के लिए आवेदन किया है। अब परिवहन विभाग ने कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भ रतपुर जिले के मुख्य शहरों के साथ ग्रामीण ब्लॉक मुख्यालयों में भी शिविर लगाने की योजना बनाई है। इससे दूर-दराज के वाहन मालिकों को जिला मुख्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।


