साहू समाज का परिचय सम्मेलन, कनाडा, यूएसए से आए युवा:1300 से अधिक युवक-युवतियों ने दिया परिचय

मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा ने रविवार को वासुदेव गार्डन, रीगल सिविक सेंटर अवधपुरी भोपाल में परिचय सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें 1300 से अधिक युवक-युवतियों ने अपने परिचय दिए। इस आयोजन में न केवल मध्य प्रदेश बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल सहित विदेशों से भी प्रतिनिधि पहुंचे। कनाडा, यूएसए, नेपाल और इटली से भी लोग इस विशेष कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उपस्थित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि समाज का एकत्रीकरण और परिचय सम्मेलन आज की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैली समाज ने न केवल देश में बल्कि दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है। इस अवसर पर वे समाज के सदस्यों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान कर रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयदत्त क्षीरसागर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनका संगठन 100 वर्षों से समाज की सेवा में कार्यरत है और इस नींव को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में राजनीतिक सक्रियता की आवश्यकता है ताकि हम समाज के समग्र विकास में अपना योगदान दे सकें। मंत्री विश्वास सारंग ने कार्यक्रम आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के छतरपुर दौरे के कारण वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भेजीं। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि वे तैली समाज का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करते हैं और इस तरह के आयोजनों से समाज की एकता और समृद्धि को बढ़ावा मिलता है।इस परिचय सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, व्यवसायिक, उद्यमी, वकील, जज, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और सरकारी सेवाओं में कार्यरत युवाओं ने अपने परिचय दिए। युवतियों ने अपने जीवनसाथी के चयन में परिवार का सम्मान और अच्छे परिवार की प्राथमिकता बताई, वहीं युवकों ने एक व्यवस्थित परिवार की कामना की। सम्मेलन में पंडितों की व्यवस्था भी की गई थी, जहां परिवारों ने अपने बेटों-बेटियों की कुंडली मिलाने का अवसर लिया। साथ ही, मथुरा से विशेष रूप से पधारे कलाकारों ने श्री कृष्ण लीला की रंगारंग प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।इस भव्य आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद साहू, अयोजन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, राष्ट्रीय सलाहकार बटनलाल साहू, और विभिन्न प्रदेशों से आए पदाधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *