कारोबारियों पर कार्रवाई का असर नहीं, अमले के लौटते ही फिर सड़कों पर फैला देते हैं सामान

नगर निगम की तमाम कोशिशों के बावजूद शहर के ज्यादातर इलाकों के कारोबारी रोड पर दुकान का सामान फैलाना नहीं छोड़ रहे हैं। नगर निगम का अमला कार्रवाई करके जैसे ही आगे बढ़ता है कारोबारी फिर सड़कों पर सामान बिखेरकर कारोबार करने लगते हैं। पिछले दिनों निगम की टीम प्रहरी ने जीई रोड, बैजनाथपारा, एमजी रोड में कार्रवाई की। दुकानों से पाटे, लोहे के एंगल और अस्थायी रूप से बनाई गई छावनियों को तोड़ दिया। कार्रवाई के बाद उम्मीद थी कुछ दिनों तक सड़कों पर कब्जा नहीं होगा, लेकिन निगम अमले के जाते ही दुकानें फिर सज गईं। सोमवार को कई प्रमुख सड़कों पर कब्जे दिखे। मालवीय रोड, बैजनाथपारा, एमजी रोड समेत कई प्रमुख सड़कें पहले की तरह ही हो गईं। निगम की टीम ने अब आउटर के इलाके पर कार्रवाई शुरू की। अमला पचपेड़ी नाका में मेन रोड को कब्जा मुक्त कराने पहुंचा। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम इन दिनों शहर में अभियान चलाकर सड़कों पर अतिक्रमण के खिला‌फ कार्रवाई कर रही है। टीम शहर में घूम रही है। इसके बावजूद कारोबारी सड़कों पर कब्जा कर दुकानें चला रहे हैं। एमजी रोड में इलेक्ट्रानिक्स कारोबारी दुकान के बाहर आठ से दस फीट तक सामान रख रहे हैं। गर्मी के दिनों में कूलर-पंखों की डिमांड अधिक है। इसलिए यहां ज्यादातर कारोबारी पूरा सामान ही सड़कों पर सजाकर रख रहे हैं। सड़क के दोनों तरफ यही स्थिति है। इसलिए आने-जाने वाले लोगों के लिए बमुश्किल 15-20 फीट की सड़क बच रही है। इससे जाम लग रहा है। यही स्थिति मालवीय रोड, बैजनाथपारा और आसपास की सड़कों की है। यहां पिछले दिनों कार्रवाई हुई, लेकिन अब कारोबारियों ने फिर से दुकानें बाहर तक निकाल ली है। पचपेड़ीनाका में कब्जे हटाए, गुमटियां तोड़ीं सोमवार को निगम की विशेष टीम पचपेड़ी नाका पहुंची। निगम के अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन कमिश्नर टीम प्रहरी के साथ मौके पर पहुंचे। जोन-6 के पचपेड़ीनाका चौक मेन रोड में अतिक्रमण और अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान ठेलों, गुमटियों को सड़क से हटाया गया और विज्ञापन बोर्ड, एंगल्स काटे गए। निगम अफसरों के अनुसार 25 से ज्यादा ठेले, गुमटियों और दुकान के बाहर बिखरे सामान जब्ती कर कार्रवाई की गई। निगम कमिश्नर विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों को लगातार मानिटरिंग के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के बाद यदि उन क्षेत्रों में दोबारा कब्जे होते हैं तो फिर से टीम ले जाकर कार्रवाई करने कहा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *