भास्कर अपडेट्स:कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से हड़कंप, मुंबई जाने वाली फ्लाइट को आइसोलेशन-बे में भेजा

कोलकाता एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर हड़कंप मच गया, जब मुंबई जा रही एक फ्लाइट के पैसेंजर ने दावा किया कि उसके पास बम है। यह फ्लाइट इम्फाल से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। पैसेंजर की बात को ‘स्पेसिफिक थ्रेट’ मानते हुए फ्लाइट को आइसोलेशन-बे में ले जाकर जांच की गई। यह फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की थी, जिसमें कुल 186 पैसेंजर थे। आज की अन्य बड़ी खबरें पढ़ें… मुर्शिदाबाद हिंसा- SIT जांच की मांग करने वाले को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, कहा- सीधे यहां आना हाईकोर्ट का अपमान करने जैसा मुर्शिदाबाद हिंसा की एसआईटी जांच की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने वादी से कहा- हाईकोर्ट जाएं। सुप्रीम कोर्ट में सीधे रिट याचिका दायर करना हाई कोर्ट का अपमान करने के समान है। यदि यह ऐसा मामला होता जिसमें 7-8 राज्य शामिल होते, तो हम समझ सकते थे लेकिन यह ऐसा मामला नहीं है। कर्नाटक में ₹5 के स्नैक्स को लेकर झगड़ा, 12 साल के बच्चे ने सीनियर की चाकू मारकर हत्या की कर्नाटक के हुबली में सोमवार रात 8वीं कक्षा के छात्र की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, 14 साल के चेतन रक्कासगी और 12 साल के साई के बीच ₹5 के स्नैक्स को लेकर झगड़ा हो गया था। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि साई ने चाकू से चेतन पर हमला कर दिया। चेतन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। आरोपी साई 6वीं कक्षा का छात्र है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। चुनाव आयोग दफ्तर के बाहर प्रदर्शन मामले में TMC नेता राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश चुनाव आयोग दफ्तर के बाहर प्रदर्शन मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कई नेता दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। इनमें डेरेक ओ’ब्रायन, साकेत गोखले, शांतनु सेन और अन्य पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, उस समय धारा 144 लागू थी, फिर भी प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट और शिकायत दाखिल की थी, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए नेताओं को समन भेजा था। मणिपुर में 11 करोड़ रुपए की ड्रग्स के साथ 3 गिरफ्तार मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में 11.05 करोड़ रुपए की ड्रग्स के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को न्यू लामका के पास पुलिस ने एक चार पहिया वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 1.16 किलोग्राम हेरोइन से भरे 97 डिब्बे मिले। इसके बाद गाड़ी में सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हैदराबाद में चेन्नई से इंटर्नशिप करने आई छात्रा से गैंगरेप, दो युवक गिरफ्तार हैदराबाद में चेन्नई से इंटर्नशिप के लिए आई 20 साल की छात्रा से गैंगरेप के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 3 मई की है। छात्रा बायोमेडिकल की फाइनल ईयर की स्टूडेंट है और वह एक पार्टी में गई थी, जहां उसके साथ आरोपी भी मौजूद थे। पार्टी में शराब पी गई और उसी रात दोनों युवकों ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने घटना की शिकायत बचुपल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों आरोपियों में से एक जो उसका दोस्त भी था, गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब के अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, 6 की हालत गंभीर पंजाब में अमृतसर जिले के मजीठा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 6 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। ये सभी लोग अमृतसर के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 4 की हालत इतनी गंभीर है कि वे बोलने की स्थिति में भी नहीं हैं। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *