लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह के भीमराव अंबेडकर पर दिए बयान के खिलाफ कांग्रेस गुना में प्रदर्शन करेगी। मंगलवार को पैदल मार्च निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने बताया कि शीतकालीन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान कर संघ और बीजेपी की मनुवादी मानसिकता उजागर कर दी है। अमित शाह ने कहा है कि अभी एक फैशन हो गया है… अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर…। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। उन्होंने बताया कि अमित शाह के इस बयान से उनकी दलितों और पिछड़ों के प्रति मानसिकता उजागर हो गई है। कांग्रेस बाबा साहब के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। अमित शाह और भाजपा की संविधान विरोधी सोच के विरोध में कांग्रेस कल प्रदेशव्यापी आंदोलन करने जा रही है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पैदल मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से दोपहर 12 बजे शुरू होगा। पैदल मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह शामिल होंगे। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में बाबा साहब की प्रतिमा और अमित शाह से माफी मांगने संबंधी तख्तियां नजर आएंगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाले जा रहे पैदल मार्च का उद्देश्य संविधान निर्माता बाबा साहेब के आदर्शें और विचारों का सम्मान करना और लोकतंत्र विरोधी भाजपा सरकार के आरक्षण विरोधी मंसूबों को उजागर करना है।


