लुधियाना| पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने 50 साल बाद हैबोवाल क्षेत्र के 158 परिवारों को “मेरा घर मेरे नाम” योजना के तहत मालिकाना हक प्रदान किए। गुरुद्वारा साध संगत साहिब, हैबोवाल कलां के लंगर हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह में इन लाभार्थियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सांसद संजीव अरोड़ा ने इसे हैबोवाल (वार्ड नंबर 65) में संपत्ति स्वामित्व के पुराने मुद्दे का समाधान बताते हुए कहा कि निवासी 5 दशकों से कानूनी मान्यता की मांग कर रहे थे। अब इस योजना से न सिर्फ उन्हें मालिकाना हक मिला है, बल्कि वे अपनी संपत्तियों का उपयोग वित्तीय विकास के लिए भी कर सकेंगे। हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि लाल लकीर के भीतर रहने वाले निवासियों को सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है। भूमि अभिलेखों का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर स्वामित्व सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 6 मई को गुरु नानक देव भवन में सुनेत और बाड़ेवाल के 990 परिवारों को भी इसी योजना के तहत मालिकाना हक दिया गया था। इस मौके पर मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, आराधना मणि साई और त्रिशूल औल भी उपस्थित रहे।


