लालपुर निवासी राज कुमार गोस्वामी ने स्कूटी रेंटल के नाम पर 5.10 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने अरगोड़ा थाना में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। राजकुमार ने बताया कि 24 जुलाई 2024 को उन्होंने एक कंपनी से दो इलेक्ट्रिक स्कूटी 1.70 लाख रुपए में खरीदी थी। यह कंपनी एजी ओल्ड कॉलोनी, रांची में काम कर रही थी। कंपनी का हेड ऑफिस कोलकाता में है। कंपनी स्कूटी बेचने के साथ उन्हें रेंट पर लगाने का ऑफर भी देती थी। कंपनी ने स्कूटी 7500 रुपए प्रति माह के किराए पर देने की बात कही। इस पर राजकुमार ने दोनों स्कूटी कंपनी को किराए पर दे दी। इसके बाद उन्होंने दो स्कूटी अपनी मां रेनू देवी और दो स्कूटी पत्नी खुशबू कुमारी के नाम पर खरीदकर कंपनी को दी। कुल छह स्कूटी कंपनी को किराए पर दी गईं। शुरुआत में कंपनी समय पर किराया देती रही। मई 2025 में किराया नहीं आया तो राजकुमार कंपनी के कडरू स्थित ऑफिस पहुंचे। वहां देखा कि 8 मई से ऑफिस बंद है। आसपास पूछने पर पता चला कि कई लोग इसी तरह ठगे गए हैं। ऑफिस के बाहर 8-10 अन्य लोग भी मौजूद थे। इसके बाद सभी लोग कोलकाता स्थित हेड ऑफिस पहुंचे। वहां भी ऑफिस 10 दिनों से बंद मिला।


