रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। कसडोल थाना पुलिस ने मंगलवार को मालवाहक वाहन मालिकों और चालकों की बैठक बुलाई। कसडोल थाना प्रभारी योगिता खापर्डे ने वाहन मालिकों और चालकों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को नहीं ले जाया जाए। यात्रा के लिए केवल यात्री वाहनों का ही इस्तेमाल किया जाए। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनका लाइसेंस भी रद्द कर दिया जाएगा। खरोरा हादसे में हुई जनहानि पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।


