गृह मंत्री अमित शाह की ओर से संविधान निर्माता बाबा साहब पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला तूल पकड़ रहा है। जिला मुख्यालय पर सोमवार दोपहर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने शाह का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अपनी मांगों के संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष विक्रम दसोरिया ने बताया कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता एकत्रित होकर मिनी सचिवालय पहुंचे, यहां उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद शाह का पुतला जलाकर अपनी मांगों का एक ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा है। ज्ञापन में बताया कि संसद के शीतकालीन सत्र में आयोजित बैठक के दौरान देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय संविधान के निर्माता पर अनर्गल व अभद्र टिप्पणी की। इससे सम्पूर्ण समाज के साथ-साथ बाबा साहब अंबेडकर के मान सम्मान व हमारे मन को ठेस पहुंची। भारतीय संविधान में विश्वास रखने वाले संविधान निर्माता बाबा साहब को अपना आदर्श मानते हैं। शाह की टिप्पणी से सर्व समाज लोगों में आक्रोश है। गृह मंत्री का यह कृत्य घोर निन्दनीय है। गृह मंत्री अमित शाह को जल्द गृह मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए, जिससे भारतीय संविधान की गरिमा बनी रहे।


