अमृतसर | जहरीली शराब कांड के मुख्यारोपी साहिब सिंह ने गांव हर्षा छीना में पूरा दबदबा बनाकर रखा था। गांव के लोग साहिब के खिलाफ बोलने से भी कतराते थे। अगर कोई अपनी आवाज उठाता तो हमला करवाकर घायल कर देता। हालांकि गैंगस्टरों के साथ संपर्क होना ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। लेकिन उसके मोबाइल से देहाती पुलिस को काफी लीड मिली है। साहिब सिंह मेथेनॉल मंगवाकर अवैध देसी शराब बनाकर बेचने वालों को सप्लाई करता था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक साहिब सिंह पंजाब में भी अलग- अलग जिलों में मेथेनॉल सप्लाई करवा रहा था। पुलिस ने इसके बारे में अभी पूर्ण रूप से खुलासा नहीं किया है, क्योंकि मोबाइल से मिली जानकारी के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। आरोपी साहिब सिंह मेथेनॉल सप्लाई जहां-जहां करता था, अब पुलिस की नजर उन आरोपियों पर है। देहाती पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर चुकी है, जो पंजाब भर में छापेमारी कर रही है। राजासांसी के एसएचओ कोमलप्रीत सिंह ने बताया कि जहरीली शराब मामले में साहिब सिंह को काबू किया गया तो पता चला कि इसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस और लड़ाई-झगड़े के 6 केस दर्ज हैं। साहिब सिंह डेढ़ महीने पहले एक गांव में लड़ाई-झगड़े के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। आरोपी 6 मामलों में जेल होकर आ चुका है। सभी मामलों में जमानत पर बाहर है। साहिब सिंह की 28 साल है और 5 साल से क्राइम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, साहिब सिंह गांव हर्षा छीना में देर रात अपने दोस्तों के साथ मिलकर हुड़दंग करता रहा है।


