भास्कर न्यूज | नारायणपुर सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदन पत्रों के मांग एवं शिकायतों का 31 मई तक समाधान शिविर आयोजित कर प्राप्त आवेदनों का समाधान किया जाएगा, जिसके परिपालन में नारायणपुर ब्लाक में 8 कलस्टर में शिविर आयोजित किया जा रहा है। तृतीय चरण में शिविर 14 मई को ग्राम पंचायत रेमावंड में बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। रेमावंड समाधान शिविर में ग्राम पंचायत के 472 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 467 का निराकरण किया गया है। इस पंचायत में मालिंगनार, टिमनार, रेमावंड, चांदागांव, बागबेड़ा, कुढ़ारगांव, नयानार और नेलवाड़ के ग्रामीणों ने समाधान शिविर में आकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराया। बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह द्वारा समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों को अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों को गुणवत्तापूर्वक निराकरण कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कृषि विभाग के स्टॉल में खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर वितरण कराने निर्देशित किया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का अवलोकन करते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों में होने वाली बीमारी बीपी, शुगर, मलेरिया आदि मौसमी बीमारियों की जानकारी लेते हुए चिकित्सों की उपस्थिति की जानकारी ली। कमिश्नर ने समाज कल्याण विभाग के स्टॉल का अवलोकन करते हुए दिव्यांगजनों को सामग्री एवं चश्मा वितरण की जानकारी लेते हुए सहायक उपकरणों को शीघ्र वितरण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अनप्राशन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया, विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में व्यंजनों का भी स्वाद चखा। शिविर में हितग्राहियों को राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, श्रम विभाग अंतर्गत चेक, किसान किताब, दिव्यांग प्रमाण पत्र, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अंतर्गत हितग्राहियों को कार्य स्वीकृति आदेश वितरण किया गया। और भी लाभ दिए गए। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने रेमावंड में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि टिमनार सरपंच के द्वारा किये जा रहे सड़क निर्माण कार्य में प्रतिदिन जल छिड़काव की मांग की गई है, उस मांग को कलेक्टर ने प्राथमिता देते हुए प्रतिदिन पानी छिड़काव किए जाने आश्वासन दिया। उन्होंने टिमनार को आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में कार्य किये जाने की बात कही। प्रधानमंत्री आवास के सभी हितग्राही शीघ्र आवास बनाना प्रारंभ कर दें ताकि बरसात के पूर्व मकान तैयार हो सके। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि सभी पेंशनधारी अपना खाता बैंक में खुलवाना सुनिश्चित करें ताकि पेंशन की राशि खाता में समय पर जमा हो सके, उसके लिए आधार कार्ड, अपने खाता के साथ लिंक करवाने की आवश्यकता बताई है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, उसके लिए मैदानी अधिकारी कर्मचारियों से ग्रामीणों का आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाने में सहयोग करने की अपील की। सुशासन तिहार में आए हुए सभी आवेदनों का समाधान शिविर में निराकरण किया जा रहा है। यदि किसी का आवेदन का निराकरण नहीं होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र निराकरण करने की जानकारी दी।


