मई के महीने में झारखंड में जितनी गर्मी पड़नी चाहिए उतनी गर्मी नहीं पड़ रही है। दरअसल राज्य के मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और बादल छाए रहने की वजह से गर्मी का असर बहुत अधिक नहीं हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक झारखंड का मौसम अभी भी सामान्य ही है। मौसम में हो रहे बदलाव का सिलसिला अभी जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बताया है कि राज्य के लोगों को गर्मी और उमस से 18 मई तक राहत मिल सकती है। आज राज्य के लगभग 15 जिलों में दोपहर के बाद बारिश हो सकती है। इस दौरान में गर्जन, वज्रपात की संभावना बन रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। आज इन जिलों में होगी बारिश मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक आज दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में बारिश हो सकती है। इसी तरह 16 मई यानी शुक्रवार को राज्य के चार जिले को छोड़कर 20 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और बारिश की संभावना बन रही है। जिन जिलों में मौसम का मिजाज ऐसा नहीं रहेगा, उसमें गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिला शामिल है। 16 मई के लिए भी यलो अलर्ट 20 जिलों के लिए जारी किया गया है। टर्फ लाइन गुजरने की वजह से बदल रहा मौसम मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि राज्य में 17 और 18 में को सभी जिलों में मौसम में बदलाव रहेगा। इससे गर्मी और उम्र से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान में कमी आएगी। मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है। दरअसल बिहार से झारखंड होते हुए एक तरफ लाइन गुजर रही है। यह टर्फ लाइन झारखंड के लिए फायदेमंद है। इसी वजह से 18 मई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना है। 12 जिलों में बनी रही लू की स्थिति बीते 24 घंटे के दौरान मौसम की बात करें तो राज्य के 12 जिलों में लू की स्थिति बनी रही। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी तथा उमस से लोगों को परेशानी हुई। देर शाम कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई है, लेकिन इस बारिश से गर्मी से राहत नहीं मिली। पलामू और संथाल परगना के इलाके में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रह रहा है। वहीं कोल्हान और आसपास खिलाफ में 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और रांची और मध्य इलाके में 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रह रहा है। धूप से बचने की सलाह जारी राज्य में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से धूप से बचने की सलाह दी है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को धूप से बचने के लिए छाता और टोपी लगाने के साथ सूती और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बहुत जरूरी हो तभी घर से निकलने और खुद को पूरी तरह हाइड्रेट रखने को कहा है। सलाह है कि थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें। धूप से बच्चों और बुजुर्गों को बचाने की अपील है। इधर, राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान पलामू का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं बुधवार को सिमडेगा में लगभग 2 मिलीमीटर बारिश हुई है।


