गुरुग्राम में ट्रम्प टावर, ₹3,250 करोड़ के फ्लैट बिके:8 से 15 करोड़ कीमत, ₹125 करोड़ के पेंट हाउस, 2 भारतीय कंपनियां भी हिस्सेदार

भारत और पाकिस्तान में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी साझेदार कंपनियों ने गुरुग्राम में ₹3,250 करोड़ के फ्लैट बेच दिए। यह फ्लैट गुरुग्राम के सेक्टर 69 में अल्ट्रा लग्जरी रेजिडेंशियल स्कीम ट्रम्प टावर में बनेंगे। हालांकि अभी फ्लैट बने नहीं हैं।
मगर, 129 फ्लैट की पहले ही बुकिंग हो गई। जिनकी कीमत 8 से 15 करोड़ तक है। इसके अलावा 125 करोड़ रुपए कीमत के 4 अल्ट्रा प्रीमियम पेंट हाउस भी बिक चुके हैं। इसके लिए 13 मई को ही ऑनलाइन बुकिंग रखी गई थी। खास बात यह है कि न्यूयॉर्क के बाद गुरुग्राम ही ऐसा दूसरा शहर है, जिसमें 2 ट्रम्प टावर होंगे। 51 मंजिला टावर, ₹27 हजार प्रति वर्ग फीट रेट
गुरुग्राम में साउथर्न पेरिफेरल रोड और गोल्फ कोर्स रोड एक्सटेंशन पर 2 ट्रम्प टावर बन रहे हैं। जिसमें ट्रम्प ऑर्गेनाइजेशन के साथ 2 भारतीय कंपनियों की भी हिस्सेदारी है। यह गुरुग्राम में ट्रम्प ब्रांड का दूसरा और भारत में छठा रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट है। ट्रम्प टावर में 51 मंजिलें हैं, जिसमें 12 लाख वर्ग फीट का सेलेबल एरिया है। इन घरों की कीमत ₹27,000 प्रति वर्ग फीट से शुरू होती है। ट्रम्प टावर के फ्लैट्स में क्या खास…
इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। जिसमें दीवारें पूरी तरह से कांच की बनाई गई हैं। डबल ऊंचाई वाले लिविंग रूम हैं। फर्श से छत तक की खिड़कियों के अलावा प्राइवेट लिफ्ट, शानदार क्लब हाउस के अलावा अरावली की पहाड़ियां दिखने वाली छत शामिल है। इसके अलावा इसमें देश का पहला एक्वेरियम बार होगा, जिसमें रेस्टोरेंट भी बनेगा। ट्रम्प की कंपनी के साझीदार बोले– 2200 करोड़ लागत, 3500 करोड़ कमाई होगी
ट्रम्प की कंपनी के साझीदार कंपनी के सह-संस्थापक पंकज बंसल ने मीडिया को बताया- इस प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 2200 करोड़ रुपए है। इससे करीब 3500 करोड़ रुपए कमाई का अनुमान है। उन्होंने आगे कहा- जब हमने पहला ट्रम्प टावर लॉन्च किया तो कीमत ₹16,500 प्रति वर्ग फीट थी। अब यह रीसेल में बढ़कर ₹35,000 प्रति वर्ग फीट तक पहुंच गई है।
दूसरी साझेदार कंपनी के संस्थापक कल्पेश मेहता ने मीडिया को बताया- 2018 में लॉन्च हुआ गुरुग्राम का पहला ट्रंप टावर प्रोजेक्ट कुछ हफ्तों में डिलीवरी के लिए तैयार हो जाएगा। एरिक ट्रम्प ने कहा- प्रोजेक्ट में सुविधाएं बढ़ाईं
ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष एरिक ट्रंप ने कुछ दिन पहले एक बयान जारी करके कहा था कि नए ट्रम्प टावर प्रोजेक्ट में सुविधाओं को बढ़ाया गया है। इसमें साझेदार कंपनियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। एक कंपनी को प्रोजेक्ट के निर्माण, डेवलपमेंट और कस्टमर सर्विस का जिम्मा दिया गया है। दूसरी कंपनी के पास डिजाइन, मार्केटिंग, बिक्री और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *