भोपाल में आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के पास से मिली करोड़ों की संपत्ति मिलने के बाद अब विपक्ष, भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने लगातार दबाव बना रहा है। सौरभ शर्मा के पास मिली अकूत संपत्ति को लेकर भले ही जांच जारी हो, पर आरटीओ विभाग में सालों से पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कांग्रेस लामबंद हो गई है। जबलपुर में सोमवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईओडब्ल्यू के अधिकारियों से मिलकर जबलपुर परिवहन अधिकारी जितेंद्र रघुवंशी के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज करवाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जबलपुर में भी है सौरभ शर्मा जैसे कर्मचारी-अधिकारी यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ता ईओडब्ल्यू के कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि जिस तरह से भोपाल में सौरभ शर्मा के पास करोड़ों-अरबों की संपत्ति निकली है, ठीक उसी तरह से जबलपुर में भी परिवहन विभाग में पदस्थ अधिकारियों एवं बाबूओं के पास संपत्ति हो सकती है, जिसकी जांच होनी चाहिए। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जबलपुर आरटीओ कार्यालय में सालों से दलालों का बोलबाला है, और भ्रष्टाचार चरम पर है जिस पर अंकुश लगाना जरूरी है। पूर्व आरटीओ पर भी हुई थी कार्यवाही इंडियन यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रजक ने बताया कि पूर्व में जबलपुर आरटीओ के पद पर पदस्थ रहे संतोष पाल भी भ्रष्टाचार में लिप्त थे और उन पर कार्रवाई भी हुई थी। आरटीओ में आने वाले आवेदक दलालों के शिकंजे में फंस कर निर्धारित से अधिक राशि देने को मजबूर रहते हैं और इन दलालों की सांठगांठ आरटीओ के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ होती है। जिनकी मिलीभगत से भ्रष्टाचार का यह खेल चल रहा है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि आरटीओ कार्यालय में एक ही सीट पर कई वर्षों से कुछ कर्मचारी जमे हुए हैं जिसके कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है लिहाजा उनकी भी जांच कर उनका भी तबादला किया जाना चाहिए।


