लुधियाना के जगराओं में एक टैक्सी ड्राइवर ने आत्महत्या कर ली। मृतक की मां ने प्रेमिका पर टैक्सी ड्राइवर को परेशान करने का आरोप लगाया है। मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला आरोपी फिलहाल फरार है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गांव ताजपुर के 27 वर्षीय हरसुरिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक की मां जसवीर कौर ने बताया कि उनका बेटा प्राइवेट टैक्सी चलाता था। करीब एक साल पहले उन्हें पता चला कि उनके बेटे के गांव भैणी बडिंगा की रहने वाली शादीशुदा महिला नीतू के साथ अवैध संबंध थे। प्रेमिका ने फोन कर बुलाया था बुधवार की शाम को नीतू ने हरसुरिंदर को फोन कर बुलाया। कुछ देर बाद ही वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर उसका शव फंदे से लटका मिला। यह वही जगह थी जहां दोनों अक्सर मिलते थे। जांच अधिकारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी महिला मृतक से लगातार पैसों की मांग कर रही थी। इससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस कर रही जांच, प्रेमिका फरार पुलिस ने मृतक की मां के बयान पर थाना सिटी रायकोट में आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सरकारी अस्पताल रखवा दिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


