दुर्ग में अवैध तरीके से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार:आधार कार्ड और नाम फर्जी निकला, बिना पुलिस वेरिफिकेशन 2 साल रही, मकान-मालिक भी पकड़ाया

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में SIT (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बुधवार को पिछले 2 साल से अवैध तरीके से रह रही बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। बिना पुलिस वेरिफिकेशन के घर किराए से देने वाले मकान मालिक को भी पकड़ा गया है। महिला का आधार कार्ड और नाम फर्जी पाया गया। बताया जा रहा है कि, महिला दूसरे के घरों पर काम करती थी। IIMMO एप से परिजनों से बातचीत करती थी। इस एप की विशेषता है, इसमें नंबर डिस्प्ले नहीं होते हैं। यहां से कमाए पैसों को अपने परिचित के जरिए परिवार को बांग्लादेश भेजती थी। यह मामला सुपेला थाना इलाके का है। जानिए क्या है पूरा मामला ? एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि, अवैध अप्रवासियों को पकड़ने के लिए भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। जांच के दौरान पता चला कि, सुपेला नेहरू रोड पर एक बांग्लादेशी महिला किराए पर सूरज साव का मकान ले रखी है। जब उसने दस्तावेज का इस्तेमाल शासकीय अस्पताल में इलाज के लिए दिया, तब पुलिस अलर्ट हुई। महिला से पूछताछ में पता चला कि, उसका असली नाम पन्ना बीबी है, लेकिन भिलाई में अंजली सिंह उर्फ काकोली घोष के नाम से रह रही थी। उसने अपना फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया था। पन्ना बीबी के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 विदेशी नागरिक विषयक अधिनियम 1946 और भारतीय पासपोर्ट अधिनियम 1920 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने उसे किराए से देने वाले मकान मालिक सूरज साव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फर्जी तरीके से बॉर्डर पार कर पहुंची भारत पन्ना बीबी उर्फ काकोली घोष ने पूछताछ में बताया कि, उसने अवैध पासपोर्ट और वीजा तैयार कर 8 साल पहले बांग्लादेश से उत्तर प्रदेश के बनगांव पेट्रापोल जिला और पश्चिम बंगाल स्थित बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर को पार कर अवैध रूप से भारत पहुंची थी। 5 साल तक सोनागाछी में रही, फिर भिलाई आई काकोली घोष भारत पहुंचने के बाद 5 साल तक पश्चिम बंगाल के सोनागाछी में थी। इसके बाद दिल्ली आई। एक साल तक दिल्ली में रहने के बाद अपनी सहेली पूजा के साथ भिलाई आ गई। यहां पिछले करीब 2 सालों से सूरज साव के मकान में रह रही थी। कोलकाता से घर भेजवाती थी पैसा भिलाई से काम करने के बाद मिले पैसों को समय-समय पर अपने घर बांग्लादेश भेजती थी। इसके लिए पहले पैसे कोलकाता पश्चिम बंगाल अपने परिचित के पास भेजती थी। इसके बाद वो युवक उन पैसों को उसके परिवार वालों तक पहुंचाता था। पूरे मामले की जांच करने पुलिस लिखेगी पत्र एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि, काकोली किस तरह बांग्लादेश से भारत पहुंची, उसमें किन लोगों का इन्वॉल्वमेंट है। उसका फर्जी आधार कार्ड किसने बनाया। इन सबकी पुलिस जांच करेगी। इस पर कार्रवाई करने के लिए संबंधित एजेंसियों को पत्र लिखा जाएगा। …………………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रायपुर के 3 बांग्लादेशी घुसपैठियों के पासपोर्ट रद्द:फर्जी वोटर आईडी-आधार कार्ड से बनवाए थे, 8 साल से कबाड़ी का कर रहे थे काम रायपुर के तीन बांग्लादेशी घुसपैठ भाइयों के पासपोर्ट रद्द हो गए हैं। छत्तीसगढ़ ATS ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों ने फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड के सहारे अपना फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाया था। आरोपियों के आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड को भी रद्द करने के लिए संबंधित डिपार्टमेंट को लेटर भेजा गया है। ये घुसपैठिए पिछले 8 साल से रायपुर में रहकर कबाड़ी का काम कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *