अमृतसर में जहरीली शराब से 25 लोगों की मौत के बाद लुधियाना पुलिस सक्रिय हो गई है। जगराओं में गुरुवार को एसएसपी देहात डॉ. अंकुर गुप्ता ने एक्साइज विभाग के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। इसके बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार सिंधवा बेट के गांव तलवाड़ा में पुलिस ने कुलवंत सिंह के घर छापा मारा। उसके तूड़ी वाले कमरे से 130 बोतल केमिकल युक्त अवैध शराब मिली। आरोपी कुलवंत मौके से फरार हो गया। चौकी भूदड़ी के एएसआई दलजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुलवंत इलाके में जहरीली शराब की सप्लाई कर रहा है। बाहरी राज्यों से सस्ती शराब लाया आरोपी थाना सदर रायकोट पुलिस ने गांव ब्रह्मपुरा के सतनाम सिंह उर्फ सत्ता को दाना मंडी लोहटबड्डी के पास से पकड़ा। उसके पास से 26 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। एएसआई कुलदीप सिंह के अनुसार, आरोपी बाहरी राज्यों से सस्ती शराब लाकर महंगे दामों पर बेचता था। श्मशान घाट से पकड़ा आरोपी थाना सिटी रायकोट पुलिस ने गोंदवाल निवासी जसविंदर सिंह उर्फ गोलू को श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 36 बोतल शराब बरामद हुई। एएसआई राजदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी श्मशान घाट के पास शराब के साथ बैठा है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए गए हैं।


