फरीदकोट के अग्निवीर की जम्मू-कश्मीर में शहादत:2 साल पहले हुआ सेना में भर्ती, सिर में गोली लगने से हुई मौत, कल गांव पहुंचेगा पार्थिव देह

पंजाब में फरीदकोट जिले के गांव कोठे चहिल के रहने वाले 22 वर्षीय अग्निवीर आकाशदीप सिंह ने जम्मू कश्मीर में शहादत दी है। सूचना के बाद उसके घर परिवार समेत पूरे गांव में मातम का माहौल है। गांव कोठे चहिल निवासी बलविंदर सिंह को आज (वीरवार को) सुबह उनके बेटे आकाशदीप सिंह के शहीद होने की सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि सिर में गोली लगने से आकाशदीप सिंह की मौत हुई है। परिवार के अनुसार आकाशदीप सिंह लगभग दो वर्ष पहले बतौर अग्निवीर सेना में भर्ती हुआ था। आकाशदीप सिंह सिख रेजिमेंट में तैनात था और उसकी पोस्टिंग इन दिनों जम्मू में थी। पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि आकाशदीप सिंह पिछले माह ही छुट्टी पर आया था और एक दिन पहले ही उसने फोन पर उनसे बात की थी। उनके साथ क्या घटनाक्रम हुआ, उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। आकाशदीप का पार्थिव देह शुक्रवार को गांव में पहुंचने की उम्मीद है। इसके उपरांत उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विधानसभा स्पीकर संधवां ने परिवार से जताया दुःख उधर, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने आकाशदीप सिंह की शहादत पर नमन करते हुए परिवार के साथ दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आकाशदीप के पिता बलविंदर सिंह उनके पुराने साथी हैं और इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *