बिलासपुर में कांग्रेसियों और पुलिस से झड़प:MP के मंत्री शाह के खिलाफ प्रदर्शन कर फूंका पुतला, ऑपरेशन सिंदूर में शामिल कर्नल सोफिया कुरैशी पर की थी टिप्पणी

बिलासपुर में गुरुवार को नेहरु चौक पर पुतला दहन के दौरान कांग्रेस नेताओं व पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कांग्रेसियों ने मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। फिर जमकर नारेबाजी भी की। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह ने अमर्यादित टिप्पणी की थी, जिसका देश भर में विरोध हो रहा है। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने भी उनके इस बयान का विरोध किया। कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए, जहां से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए नेहरु चौक में प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्री शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला फूंकने से पुलिस ने रोका
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कांग्रेसियों को पुतला दहन करने से रोकने की कोशिश की। जिसके चलते पुलिसकर्मियों से उनकी झड़प हो गई। पुलिसकर्मियों के संघर्ष के बाद भी कांग्रेसी पुतला दहन करने में कामयाब रहे। भाजपा का चाल-चरित्र में है महिलाओं का अपमान
शहर और ग्रामीण अध्यक्ष विजय पांडेय और विजय केशरवानी ने कहा कि ” सिंदूर ऑपरेशन ” में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली देश की आन-बान और शान, जिस पर पूरे देश को गर्व है। मातृ शक्ति कर्नल सोफिया कुरैशी पर भाजपा के मंत्री विजय शाह द्वारा अमर्यादित, स्तरहीन बयान देना सनातन धर्म की परिपाटी के विपरीत है। हमारा धर्म कहता है कि जहां नारी की पूजा होती है वही स्वर्ग है। लेकिन, भाजपा और उसके नेता जिस आदर्शवाद के नाम की डफली पीटते हैं उसके एक अंश भी आत्मासात नहीं करते। भाजपा के चाल-चरित्र में महिलाओं का अपमान है और नेता केवल राजनीति के लिए दिखावा करते हैं। राष्ट्रदोह का मामला दर्ज करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी मंत्री को बचाने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि अब तक न तो कोई सख्त कार्रवाई की गई और न ही पार्टी ने स्पष्ट रुख अपनाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा “एक महिला सैन्य अधिकारी पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना न सिर्फ स्त्रीविरोधी है, बल्कि सेना और राष्ट्र का भी अपमान है। मंत्री भले ही माफी मांग रहे हों, लेकिन उनके चेहरे की हंसी बताती है कि वो इस पूरे मामले को मजाक समझ रहे हैं। हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लिया है, और अब कांग्रेस इसे जनता की आवाज़ बनाएगी। कांग्रेस नेताओं ने मामले में उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है। पुतला दहन कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष विजय पांडेय,ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व महापौर रामशरण यादव,पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन,संयुक्त महामंत्री देवेंन्द्र सिंह,राजेन्द्र साहू,नेताप्रतिपक्ष भरत कश्यप,प्रवक्ता ऋषि पांडेय, महामंत्री समीर अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष -जावेद मेमन,विनोद साहू,मोती ठारवानी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शेरू असलम, जगदीश कौशिक,वरिष्ठ पार्षद शहज़ादी कुरैशी, स्वर्णा शुक्ला,पार्षद ओम कश्यप,पूर्व पार्षद रमाशंकर बघेल सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *