कोरिया जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। बलरामपुर के सनावल में रेत तस्करों द्वारा पुलिस आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचलने की घटना के बाद कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कड़े कदम उठाए हैं। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बैकुंठपुर और पटना क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने अवैध रेत परिवहन करते हुए 6 वाहनों को पकड़ा। इन वाहनों को नजदीकी बैकुंठपुर और पटना थाने में रखा गया है। जब्त किए गए वाहनों में समीर जायसवाल का ट्रैक्टर (CG16CN9778), रोशन राजवाड़े की मिनी ट्रक (CG15AC5642), रमेश चंद्र साहू की मिनी ट्रक (CG07CA8404), चंद्रमणि का महिंद्रा ट्रैक्टर, राजू साहू की मिनी ट्रक (CG15CM9082) और भूपेंद्र राजवाड़े का सोनालिका ट्रैक्टर शामिल हैं। प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 की धारा 71 और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। जिला खनिज अधिकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमित जांच और कार्रवाई की जाएगी।


